Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

सलमान खान का दमदार लुक आया सामने, ‘बैटल ऑफ गलवान’ से पहली झलक देखकर फैंस बोले, ब्लॉकबस्टर…

मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘सिकंदर’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, लेकिन अब भाईजान ने नए प्रोजेक्ट से अपने फैंस की उम्मीदें फिर जगा दी हैं।

फिल्म की शूटिंग लद्दाख के खूबसूरत लोकेशन्स पर शुरू हो चुकी है। बीते दिनों सलमान खान और उनकी को-स्टार चित्रांगदा सिंह शूटिंग के लिए लेह-लद्दाख पहुंचे थे। वहीं, 9 सितंबर को सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से फिल्म का पहला लुक शेयर कर तहलका मचा दिया।

पोस्ट की गई तस्वीर में सलमान खान का चेहरा क्लैप बोर्ड के पीछे नजर आ रहा है, जिस पर लिखा है – सीन नंबर 86, शॉट नंबर 1 और टेक नंबर 1। सलमान ने आर्मी जैकेट पहनी हुई है और उनके माथे पर चोट का निशान साफ दिखाई दे रहा है। इस इंटेंस लुक ने फैंस को रोमांचित कर दिया है।

सलमान ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन में सिर्फ इतना लिखा – “बैटल ऑफ गलवान”। जैसे ही तस्वीर सामने आई, सोशल मीडिया पर धमाका हो गया। महज कुछ घंटों में पोस्ट को 1 लाख 28 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके थे और कमेंट बॉक्स में फैंस ने उन्हें पहले से ही “ब्लॉकबस्टर” का टैग दे दिया। किसी ने लिखा – “सिर्फ सलमान ही कर सकते हैं ऐसा दमदार रोल”, तो किसी ने कहा – “ये फिल्म रिकॉर्ड तोड़ेगी।”

अपूर्व लाखिया कर रहे हैं निर्देशन

‘बैटल ऑफ गलवान’ को अपूर्व लाखिया डायरेक्ट कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘हसीना पार्कर’, ‘एक अजनबी’ और ‘मिशन इस्तांबुल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। यह पहली बार है जब वह सलमान खान के साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। अपूर्व लाखिया की पिछली फिल्म ‘क्रैकडाउन’ (2020) थी, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था।

चित्रांगदा सिंह बनीं हीरोइन

इस फिल्म में सलमान खान के अपोजिट चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। उनका नाम सुनकर भी फैंस काफी एक्साइटेड हैं क्योंकि लंबे वक्त बाद चित्रांगदा बड़े पर्दे पर अहम किरदार में दिखेंगी।

फिल्म पर बढ़ी उत्सुकता..

हालांकि अभी तक फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सलमान के लुक और सेट से आई तस्वीरों ने फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है। फिल्म गलवान घाटी की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो भारत-चीन सीमा विवाद से जुड़ी एक ऐतिहासिक घटना को दर्शाएगी। ऐसे में फिल्म का प्लॉट और सलमान खान की आर्मी अवतार वाली झलक, दोनों ही मिलकर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने का दम रखते हैं।

फैंस की उम्मीदें आसमान पर

सलमान खान की फैन फॉलोइंग किसी से छिपी नहीं है। उनकी पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ के फ्लॉप होने के बाद अब ‘बैटल ऑफ गलवान’ से उनके प्रशंसक उन्हें एक बार फिर बड़े पर्दे पर चमकते हुए देखना चाहते हैं। सोशल मीडिया पर लगातार #BattleOfGalwan और #SalmanKhan ट्रेंड कर रहा है।

‘बैटल ऑफ गलवान’ सलमान खान के लिए एक कमबैक फिल्म साबित हो सकती है। उनके फैंस पहले से ही इसे ब्लॉकबस्टर कह रहे हैं और अब सबकी निगाहें फिल्म की रिलीज डेट पर टिकी हैं।

Leave a Comment