मुंबई: बॉलीवुड के किंग ऑफ रोमांस शाहरुख खान और एवरग्रीन एक्ट्रेस रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने फैंस के दिलों पर छा गए हैं। 90 के दशक की हिट जोड़ी ‘राहुल-टीना’ ने अपने नए सोशल मीडिया वीडियो के जरिए पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं। इस वीडियो में दोनों सितारे आर्यन खान की डेब्यू सीरीज ‘The Bads of Bollywood’ के गाने ‘तू पहली तू आखिरी’ पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर छाया वीडियो
1 सितंबर को शाहरुख खान ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया। वीडियो में शाहरुख और रानी रोमांटिक अंदाज में डांस करते दिख रहे हैं, वहीं बैकग्राउंड में ओरिजिनल गाना चल रहा है। इस वीडियो के साथ शाहरुख ने कैप्शन लिखा – “राष्ट्रीय पुरस्कार, हम दोनों की अधूरी ख्वाहिश पूरी हो गई। बधाई हो रानी, तुम एक क्वीन हो। आई लव यू ऑलवेज।”
शाहरुख टूटे हुए हाथ के बावजूद नीले रंग का स्वेटर, बैगी डेनिम और सफेद टोपी पहनकर डांस करते नजर आए। वहीं, रानी जींस और ओवरसाइज सफेद शर्ट में बेहद ग्लैमरस और स्टाइलिश लगीं।
ऑन-स्क्रीन मैजिक फिर लौटा
शाहरुख और रानी की जोड़ी हमेशा से बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती रही है। ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘चोरी चोरी चुपके चुपके’ जैसी फिल्मों में दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा था। यही वजह है कि इस वीडियो ने उनके फैंस को पुरानी यादों में लौटा दिया।
फैंस ने वीडियो पर जमकर रिएक्शन दिए। एक यूज़र ने लिखा – “सच में इस रियूनियन की उम्मीद नहीं थी।” तो वहीं दूसरे फैन ने लिखा – “ऑन-स्क्रीन किंग और क्वीन।” कई लोगों ने शाहरुख के घायल हाथ के लिए दुआएं भी मांगीं।
नेशनल अवॉर्ड्स की डबल खुशी
गौरतलब है कि हाल ही में घोषित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में शाहरुख खान और रानी मुखर्जी दोनों को सम्मान मिला है। शाहरुख को उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ में डबल रोल के लिए बेस्ट एक्टर अवॉर्ड मिला, जबकि रानी मुखर्जी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब मिला। यह वीडियो मानो दोनों सितारों के लिए अवॉर्ड सेलेब्रेशन का खास पल बन गया।
आर्यन खान की सीरीज का गाना
वीडियो जिस गाने पर फिल्माया गया है, वह आर्यन खान की पहली डायरेक्टोरियल सीरीज ‘The Bads of Bollywood’ का गाना ‘तू पहली तू आखिरी’ है। यह गाना शाश्वत सचदेव ने कंपोज़ और प्रोड्यूस किया है, इसके बोल कुमार ने लिखे हैं और आवाज अरिजीत सिंह ने दी है।
आर्यन की इस सीरीज में बॉबी देओल, लक्ष्य, सहर बाम्बा, मनोज पाहवा, मोना सिंह, मनीष चौधरी, राघव जुयाल, आन्या सिंह, विजयंत कोहली, गौतमी कपूर और रजत बेदी जैसे कलाकार नजर आएंगे। सीरीज 18 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
शाहरुख और रानी का यह वीडियो न सिर्फ उनके फैन्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है बल्कि बॉलीवुड के सुनहरे दौर की झलक भी पेश करता है। दोनों की उम्र चाहे कितनी भी हो गई हो, लेकिन उनकी ऑन-स्क्रीन रोमांस की जादुई केमिस्ट्री आज भी दर्शकों के दिलों को छू जाती है।
