जनपद बिजनौर के अगरी गाँव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गया। मृतका की शादी करीब तीन साल पहले गौरव नामक व्यक्ति से होना बताया गया है जो हाल ही में जेल से छूटा था और जिस पर पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज थे। दिव्यांशी कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
दरअसल यह पूरा मामला जनपद बिजनौर के शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव अगरी का है। रणधीर सिंह की बेटी दिव्यांशी की शादी करीब तीन साल पहले थाना मंडावर क्षेत्र के इनामपुरा निवासी गौरव के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दिव्यांशी अपने मायके में रह रही थी। घटना बीती रात लगभग 9 बजे की है जब दिव्यांशी का पति गौरव शराब के नशे में धुत होकर अपनी ससुराल पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई जिसके बाद गौरव ने पहले दिव्यांशी की पिटाई की और फिर अपनी जेब से चाकू निकालकर उस पर कई बार वार किए। अंत में उसने चाकू दिव्यांशी के सीने में घोंपकर उसे घुमा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से ही मनमुटाव था क्योंकि गौरव और उसके परिवार वाले दहेज की मांग कर रहे थे। आरोपी गौरव जो हाल ही में जेल से छूट कर आया था आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उस पर पहले से कई केस दर्ज हैं। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग और मृतका के परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी संजीव बाजपेई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
