Udayprabhat
Uncategorized

रुड़की में तेज रफ्तार कार का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर, राहगीर भी घायल

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में देर रात तेज रफ्तार कार के चलते अफरा-तफरी मच गई। मलकपुर चुंगी से सोलानी नदी पुल तक एक कार ने कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मलकपुर चुंगी के पास की है। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक की कुछ युवतियों से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद युवक कार लेकर तेज गति से मौके से निकल गया। कुछ ही दूरी पर कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

इसके बाद कार रास्ते में कई ई-रिक्शा, अन्य वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारती हुई आगे बढ़ती रही। अचानक हुई इस घटना से सड़क पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेजा। बताया गया है कि सोलानी नदी पुल के पास पहुंचने के बाद कार एक छोटे हाथी वाहन से जा भिड़ी, जिसके बाद वाहन रुक गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस हादसे में घायल लोगों और क्षतिग्रस्त वाहनों की जानकारी जुटाने के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के मुताबिक, कार चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है और तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment