चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) आज बुधवार शाम चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। ऐसा होने पर भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। सिर्फ भारतवर्ष ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया इस ऐतिहासिक पल का टकटकी लगाए इंतजार कर रही है।
चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र में सॉफ्ट लैंडिंग के लिए परमार्थ निकेतन में विशेष गंगा आरती की गई। स्वामी चिदानंद सरस्वती, परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा का अभिषेक कर चन्द्रायन -3 की सॉफ्ट एवं सुरक्षित लैंडिंग के लिए प्रार्थना की। सभी ने यज्ञ में आहुतियां समर्पित की। वहीं दूसरी तरफ बाबा रामदेव ने अनुष्ठान शुरू कर दिया है।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन ने चंद्र कक्षा सम्मिलन (एलओआई) के सफलतापूर्वक पूर्णता के साथ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। लगातार तीसरी बार इसरो ने मंगल ग्रह की कक्षा में प्रवेश करने के अलावा अपने अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया है, यह भारत के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
