Udayprabhat
uttrakhand

यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग अब रहेगा रोशन, बिजली बाधित होने पर भी नहीं होगा अंधेरा

उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम की यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों और आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुंसाई के मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया गया है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके तहत जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम तक पैदल मार्ग के चयनित स्थानों पर पुलिस और एसडीआरएफ की मदद से आस्का लाइट और पेलिकन लाइट की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। इन लाइटों को रणनीतिक स्थानों पर स्थापित किया गया है, जिससे रात के समय भी मार्ग पूरी तरह रोशन रहे।

इस व्यवस्था को सफल बनाने में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी श्यामलाल आर्य सहित कार्मिक दिनेश प्रसाद नौटियाल, रघुवीर विष्ट और राजनेश कुमार का विशेष योगदान रहा। वहीं, आपदा प्रबंधन मास्टर ट्रेनर मस्तान भण्डारी और क्यूआरटी टीम द्वारा आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

इसके अलावा प्रशासन द्वारा पैदल मार्ग पर पेयजल, सफाई, बैठने की व्यवस्था, डस्टबीन और घोड़े-खच्चरों के लिए पानी की उचित सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। इन व्यवस्थाओं से तीर्थ यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षित और आरामदायक अनुभव मिल रहा है।

Leave a Comment