डीएम ने ली पेयजल परियोजना कार्यों की बैठक
हर घर नल पहुंचाने को तीव्र गति से करे कार्य : डीएम
जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत निर्माणाधीन पाइप पेयजल परियोजनाओं के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद के प्रकरणों के निस्तारण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अब हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए तीव्र गति से कार्य किए जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओ को निर्देशित किया कि टंकी के निर्माण व पाइप लाइन बिछाने का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाये, कार्य मे तेजी लाने के लिए मैन पावर बढ़ाकर कार्य कराए। उन्हांेने निर्देश दिए कि पाइप पेयजल परियोजनाओं के सर्वे का कार्य जल्द से जल्द पूरा करें तथा बॉक्सा जनजाति के ग्रामों में भी जल्द से जल्द स्वच्छ व साफ जल की आपूर्ति करना भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिए कि आगामी बरसात से पहले शेष सभी निर्माण कार्यों में आवश्यकतानुसार तेजी लाते हुए 15 जून से पूर्व रोड़ रेस्टोरेशन के कार्यों को भी गुणवत्तापूर्वक पूरा करना सुनिश्चित करें जिससे आमजनमानस को बरसात में किसी भी प्रकार कि कोई समस्या न होने पाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत यदि कहीं किसी कार्य में किसी भी प्रकार कि कोई बाधा उत्पन्न हो रही हो तो उक्त के संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी एवं संबंधित खण्ड विकास अधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसको दूर करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की उच्च प्राथमिकता में शामिल परियोजना है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि पाइप पेयजल के शेष बचे हुए पेयजल कनेक्शनों को जल्द से जल्द पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिये कि जहां-जहां पाइप पेयजल योजनाएं संचालित है उन ग्रामों में पाइप पेयजल योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ व साफ जल की आपूर्ति की जाए तथा पाइप पेयजल योजनाओं में जहां-जहां मरम्मत की आवश्यकता है वहां प्राथमिकता पर मरम्मत करा कर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाये।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी, कार्यदायी संस्था सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
