Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

श्रीनगर में कांग्रेस को बड़ा झटका, मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षद भाजपा में शामिल

 श्रीनगर गढ़वाल की स्थानीय राजनीति में बुधवार को बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला। श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी और उनके पति एवं समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में नगर निगम के 10 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चौहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं। इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार कांग्रेस से जुड़े पार्षद रहे हैं, जबकि अन्य पार्षद निर्दलीय बताए गए हैं।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि, भाजपा में शामिल होना उनके लिए विचारधारा और विकास के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि,

सीएम पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर नगर निगम के विकास कार्यों को लगातार गति मिली है. भाजपा की विचारधारा मेरे लिए नई नहीं है. मैं पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रही हूं. आज अपने साथियों के साथ पार्टी में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है. हमारा उद्देश्य श्रीनगर के विकास और जनता की सेवा करना है. आने वाले समय में सरकार और संगठन के सहयोग से श्रीनगर को और बेहतर एवं विकसित नगर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा.
-आरती भंडारी, महापौर, श्रीनगर नगर निगम-

 

आरती भंडारी के पति व समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने कहा कि, भाजपा में शामिल होने का उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनसेवा को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है. भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकास की सोच और जनसेवा के संकल्प से हम लंबे समय से जुड़े रहे हैं. आज पार्षद साथियों के साथ भाजपा में शामिल होकर हम और अधिक मजबूती से जनता के बीच काम करेंगे. श्रीनगर और पूरे गढ़वाल क्षेत्र के विकास के लिए संगठन और सरकार के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से कार्य करना हमारा संकल्प है. क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों, युवाओं के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक सरोकार और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए भी लगातार कार्य किया जाएगा.
-लखपत सिंह भंडारी, समाजसेवी-

 

2027 के चुनाव से पहले सियासी संदेश

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का राजनीतिक क्षेत्र है। यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और धन सिंह रावत के बीच मुकाबला लंबे समय से उत्तराखंड की सियासत में चर्चा का विषय रहा है। ऐसे में मेयर समेत निर्वाचित पार्षदों का भाजपा में शामिल होना आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

भाजपा इसे क्षेत्र में अपने संगठन और जनाधार के विस्तार के तौर पर देख रही है। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस के सामने स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने और राजनीतिक समीकरण साधने की चुनौती बढ़ सकती है।

भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ी थीं आरती भंडारी

आरती भंडारी की राजनीतिक यात्रा भी इस घटनाक्रम को खास बनाती है। नगर निगम चुनाव में भाजपा से मेयर पद का टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरकर जीत हासिल की थी। अब भाजपा में वापसी के साथ उन्होंने एक बार फिर पार्टी के साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया है।

आरती भंडारी इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और खिर्सू की ब्लॉक प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। वहीं, उनके पति लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।

 

Leave a Comment