डोईवाला: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में ईको कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर आगे चल रहे एक पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। पहिया निकलने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ईको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में ईको कार की अगली सीट पर बैठे एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
दुर्घटना के कारण हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के पास करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
