देहरादून: उत्तराखंड में सोमवार से जमीन और फ्लैट खरीदना महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने प्रदेशभर में संपत्तियों के नए सर्किल रेट लागू कर दिए हैं। इसके तहत देहरादून जिले में सर्किल रेट में 9 से 22 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।
प्रदेश में दो साल बाद एक बार फिर सर्किल रेट में संशोधन किया गया है। इससे पहले वर्ष 2023 में दरें बढ़ाई गई थीं। लंबे समय से इस पर तैयारी चल रही थी और जिला स्तर पर होमवर्क पूरा करने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने प्रस्तावों का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारियों को नए रेट लागू करने के निर्देश दिए, जिसके बाद 5 अक्टूबर से नई दरें प्रभावी हो गईं।
देहरादून में सबसे अधिक वृद्धि विभिन्न प्रमुख इलाकों में की गई है। प्रदेश में निर्माण कार्यों और जमीनों की खरीद-फरोख्त में निरंतर वृद्धि के कारण दरों में संशोधन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस बढ़ोतरी से जमीन खरीदने वालों को अब अधिक स्टांप शुल्क और रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, वहीं सरकार को राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
क्षेत्रवार नई दरों का विवरण
राजपुर रोड क्षेत्र में प्रमुख मार्ग से 50 मीटर तक की जमीन पर 9% सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं। 350 मीटर तक की दूरी पर 20% की वृद्धि की गई है।
2023 में 50 मीटर दूरी पर रेट ₹62,000 प्रति वर्गमीटर था, जो अब ₹68,000 कर दिया गया है।
350 मीटर तक की दूरी पर रेट ₹50,000 से बढ़ाकर ₹55,000 कर दिया गया है।
देहरादून में थानो रोड पर सबसे ज्यादा 22% तक की बढ़ोतरी की गई है।
फ्लैटों के सर्किल रेट ₹76,000 से बढ़ाकर ₹82,000 प्रति वर्गमीटर कर दिए गए हैं।
व्यावसायिक भवनों के रेट ₹1.65 लाख से बढ़ाकर ₹1.75 लाख प्रति वर्गमीटर कर दिए गए हैं।
अन्य क्षेत्रों में भी वृद्धि
विकासनगर में आवासीय भूमि के सर्किल रेट में 10% की बढ़ोतरी की गई है।
ऋषिकेश में भी कई इलाकों में अधिकतम 20% तक वृद्धि की गई है।
प्रमुख मार्गों से दूरी के आधार पर पुराने फार्मूले के अनुसार ही दरों का निर्धारण हुआ है —
प्रमुख मार्ग से 50 मीटर तक,
50 से 350 मीटर तक,
और 350 मीटर से अधिक दूरी वाले क्षेत्रों में अलग-अलग दरें तय की गई हैं।
