Udayprabhat
uttrakhand

बीडी इंटर कॉलेज की जमीन फर्जी सोसाइटी बनाकर बेचने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार: बीडी इंटर कॉलेज की 8½ बीघा जमीन को फर्जी सोसाइटी बनाकर धोखाधड़ी से बेचने के मामले में भगवानपुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मुख्य आरोपी दुष्यंत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दयानन्द एंग्लो वैदिक संस्था के आजीवन सदस्य सुधीर कुमार त्यागी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दुष्यंत कुमार ने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी सोसाइटी तैयार की और संस्था की जमीन को बिना अनुमति के विनय सैनी निवासी राजेन्द्र नगर, रुड़की को अवैध रूप से बेच दिया।

इस मामले में थाना भगवानपुर में मु0अ0सं0 135/26 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने विवेचना के दौरान कार्रवाई करते हुए मो. मुर्सलीन पुत्र असगर, निवासी ग्राम शेरपुर, थाना भगवानपुर को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिप रहा था।

आरोपी को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment