Udayprabhat
uttrakhand

मुख्य चुनाव आयुक्त ने हर्षिल और गंगोत्री में चुनावी तैयारियों का लिया जायजा

गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना, देश की खुशहाली की कामना
  • साधु-संतों वाले विशेष बूथ पर मतदाताओं से किया संवाद
  • बीएलओ मिंटो देवी के डिजिटल कार्य की आयोग ने की प्रशंसा

उत्तरकाशी: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने सीमांत क्षेत्रों हर्षिल और गंगोत्री के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य और मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया की समीक्षा की।

बीएलओ मिंटो देवी के काम की जमकर तारीफ

निरीक्षण के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर मिंटो देवी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिंटो देवी स्मार्टफोन पर ‘बीएलओ ऐप’ का उपयोग कर मतदाता सूची के शुद्धीकरण में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।
उन्होंने इसे पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया।

तकनीक के जरिए मतदाता सूची का शुद्धीकरण

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बीएलओ द्वारा मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने इस कार्य को पारदर्शिता और दक्षता का बेहतरीन उदाहरण बताया।

मिंटो देवी जैसी बीएलओ देश के लिए प्रेरणा

उन्होंने कहा कि मिंटो देवी जैसे बीएलओ की कर्तव्यनिष्ठा को भारत निर्वाचन आयोग सलाम करता है। ऐसे कर्मचारी पूरे देश के अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणा हैं, जो तकनीक के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

गंगोत्री धाम और विशेष मतदान केंद्र का निरीक्षण

मुख्य चुनाव आयुक्त ने गंगोत्री धाम स्थित विशेष पोलिंग बूथ का भी दौरा किया। यहां उन्होंने साधु-संतों और संन्यासी मतदाताओं से संवाद किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी की सराहना की।

साधु-संतों के लोकतांत्रिक उत्साह की प्रशंसा

उन्होंने कहा कि दुर्गम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद मतदान में भाग लेना लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र की विविधता और ताकत का अनूठा उदाहरण बताया।

गंगा मंदिर में की पूजा-अर्चना

दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

Leave a Comment