Udayprabhat
accidentuttrakhand

बद्रीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, बाइक खाई में गिरी, असम के युवक की मौत, एक गंभीर घायल

चमोली: चमोली जिले के बद्रीनाथ हाईवे पर गौचर और कर्णप्रयाग के बीच गलनाऊं के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, पांच बाइकों और एक कार पर सवार कुछ दोस्त बद्रीनाथ धाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक चट्टान पर अटक गया, जबकि दूसरा गहरी खाई में जा गिरा।

सूचना मिलते ही कर्णप्रयाग थाना पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया और एम्बुलेंस से कर्णप्रयाग अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने असम निवासी सोम बोस्या (25) को मृत घोषित कर दिया। वहीं बक्सर (बिहार) निवासी ऋतिक (25) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment