Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

सीएम धामी ने संभाला ‘स्वदेशी अपनाओ’ अभियान का नेतृत्व, कहा – स्वदेशी सिर्फ अर्थव्यवस्था नहीं, राष्ट्रीय कर्तव्य है

देहरादून:  नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू किए गए ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ अभियान को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेतृत्व प्रदान किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी देहरादून के ऐतिहासिक पलटन बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं दुकानों पर “स्वदेशी अपनाओ – राष्ट्र को मजबूत बनाओ” के स्टीकर भी लगाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश अब घर-घर तक पहुंचाना है। जब हम देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देंगे तो इससे न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को भी आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे केवल आर्थिक कदम न मानते हुए कहा कि “स्वदेशी अपनाना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है।”

सीएम धामी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों पर स्वदेशी नाम पटिकाएं अवश्य लगाएं ताकि ग्राहकों में गर्व और विश्वास की भावना जगे। उन्होंने कहा कि त्योहारों, उपहारों और दैनिक जीवन की जरूरतों में स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग भारत को वैश्विक मंच पर और अधिक मजबूत बनाएगा।

इस दौरान पलटन बाजार में स्थानीय व्यापारी, स्वयंसेवी संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने “स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ” के नारों से अभियान को समर्थन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में युवाओं और सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और स्थानीय स्तर पर स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment