फर्जी निवेश विज्ञापन और रिफंड का झांसा देकर की गई डिजिटल ठगी, पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों पर केस दर्ज किया.
देहरादून: देहरादून में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग वारदातों में कुल 3.31 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया है। पीड़ितों में शहर के एक डीएसपी भी शामिल हैं, जिन्हें ठगों ने फर्जी निवेश विज्ञापन के जरिए निशाना बनाया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में डीएसपी रविकांत सेमवाल, निवासी बंजारावाला, ने शिकायत दी कि 7 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर एक ट्रेडिंग विज्ञापन देखा, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का वीडियो दिखाया गया था। विज्ञापन पर विश्वास कर उन्होंने लिंक पर क्लिक करके अपनी जानकारी दर्ज की। इसके बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया और शुरुआती निवेश पर 1687 रुपये का मुनाफा भी दिखाया गया। मुनाफा बढ़ाने का लालच देते हुए ठगों ने उनसे 2.20 लाख रुपये निवेश करा लिए, जिसके बाद उनका संपर्क काट दिया गया।
दूसरी घटना में रुचीपुरा निरंजनपुर निवासी गगन पुरी साइबर अपराधियों का शिकार बने। जेप्टो ऐप से गलत कटौती होने पर उन्होंने ऑनलाइन खोजकर एक कस्टमर केयर नंबर डायल किया। 21 अक्टूबर को उन्हें वीडियो कॉल के जरिए खुद को सपोर्ट कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने रिफंड दिलाने का भरोसा दिया। इसी दौरान ठग ने उनके गूगल पे, फोनपे और पेटीएम तक रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया और खाते से 1.11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी के अनुसार दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साइबर अपराधियों की पहचान के लिए जांच जारी है.
