देहरादून: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की दो-तिहाई से अधिक सीटों पर मिली ऐतिहासिक जीत के बाद देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। महानगर भाजपा अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय परिसर में धूमधाम से विजय उत्सव मनाया।
सुबह से ही भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा और दोपहर तक पूरे परिसर में जश्न का माहौल व्याप्त हो गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, विजय जुलूस निकाला तथा “मोदी-मोदी”, “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि NDA की प्रचंड जीत जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की स्वीकार्यता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए वोट देकर एक नया इतिहास रचा है। अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम देश के राजनीतिक परिदृश्य में सकारात्मक संदेश देता है और भाजपा के प्रति जनता के भरोसे को और मजबूत करता है।
