एअर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून और बेंगलुरु के बीच सीधी दैनिक उड़ानों के साथ उत्तराखंड से परिचालन शुरू किया.
प्रदेश के हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम, निवेश, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया आयाम-सीएम.
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की देहरादून–बेंगलुरु सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
देश की पहली अंतरराष्ट्रीय वैल्यू कैरियर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उत्तराखंड से अपना परिचालन शुरू करते हुए देहरादून और बेंगलुरु के बीच दैनिक सीधी उड़ानों की शुरुआत की है। साथ ही बेंगलुरु के माध्यम से चेन्नई, गोवा, पुणे, कोच्चि, विशाखापत्तनम समेत 18 शहरों के लिए वन-स्टॉप कनेक्शन भी उपलब्ध कराए गए हैं।

सीएम धामी ने कहा कि यह सेवा युवाओं, छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स और पर्यटकों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों से विकसित किया जा रहा है और पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार तेज़ी से चल रहा है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने बताया कि देहरादून कंपनी का 58वां स्टेशन है और इस महीने यह तीसरा नया रूट लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि नए मार्ग से उत्तराखंड को बेंगलुरु जैसे आर्थिक व शैक्षिक केंद्र से सीधा जोड़ने के साथ देशभर के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
पहली उड़ान देहरादून से शाम 4:30 बजे रवाना होकर 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ऐपण’ कला से प्रेरित टेल आर्ट भी प्रदर्शित की गई। फ्लैग ऑफ समारोह में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक बृज भूषण गैरोला, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
