देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार को हिम प्लेस होटल के पास उस समय हड़कंप मच गया जब दो वाहनों की मामूली टक्कर को लेकर दो पक्षों के पांच युवक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और बीच सड़क पर झगड़ा कर रहे सभी 5 युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार की पुरानी रंजिश नहीं थी। विवाद केवल वाहनों में हुई मामूली टक्कर को लेकर हुआ, लेकिन युवकों ने सार्वजनिक स्थान पर मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग की। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
