Udayprabhat
uttrakhand

कीर्ति चक्र विजेता शहीद एनएसजी कमांडो सुरजन सिंह भंडारी को भावभीनी श्रद्धांजलि

चमोली: चमोली के विकासखंड पोखरी अंतर्गत ग्राम रानों के वीर सपूत, कीर्ति चक्र विजेता शहीद एनएसजी कमांडो सुरजन सिंह भंडारी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिजनों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीरता और बलिदान को नमन किया।

गौरतलब है कि 24 सितंबर 2002 को अक्षरधाम मंदिर आतंकी हमला के दौरान एनएसजी ऑपरेशन में शामिल सुरजन सिंह भंडारी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आतंकवादियों से सीधे मुकाबला किया। मुठभेड़ के दौरान आतंकियों की गोली उनके सिर में लगी, जो ब्रेन स्टेम में फंस गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई और सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान बचाई।

घटना के बाद उन्हें अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई जटिल सर्जरी की गईं। बाद में उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया गया, जहां वे लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रहे और करीब 600 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे। उनकी बहादुरी और राष्ट्रसेवा को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में लखपत सिंह बुटोला, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, ग्राम प्रधान कल्पेश्वरी देवी भंडारी, पीपी कैप्टन गजेन्द्र सिंह भंडारी, सुबेदार गोविंद सिंह भंडारी, वीरेंद्र भंडारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर एकत्र होकर वीर सपूत की बहादुरी को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Comment