Udayprabhat
uttrakhand

सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों पर मंथन

राजकीय शिक्षक संघ चमोली ने आयोजित किया शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं सम्मान समारोह

चमोली: राजकीय शिक्षक संघ जनपद कार्यकारिणी चमोली द्वारा मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 में जनपद चमोली से सेवानिवृत्त हुए 38 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला रहे, जबकि मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली गणेश शाह एवं खंड शिक्षा अधिकारी कर्णप्रयाग विनोद सिंह मटूडा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

गोष्ठी में वक्ताओं ने वर्तमान सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली की चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस दौरान सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या, शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जाने, पदोन्नति में बाधा, स्थानांतरण प्रक्रिया में देरी, गांवों से पलायन तथा विद्यालयों में समय पर पाठ्यपुस्तकें न पहुंचने जैसी समस्याओं को शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर बताया गया।

वक्ताओं ने प्राथमिक विद्यालयों में न्यूनतम चार शिक्षकों की नियुक्ति तथा माध्यमिक शिक्षा में प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक पदों की रिक्तियों को शीघ्र भरने की मांग भी उठाई। बताया गया कि माध्यमिक शिक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक प्रधानाचार्य पद रिक्त होने से शैक्षिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

Leave a Comment