Udayprabhat
uttrakhand

महिला आरक्षण बिल पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का बयान, केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

अल्मोड़: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर देश की महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं।

कुंजवाल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही महिला आरक्षण बिल की समर्थक रही है और वर्ष 2023 में लोकसभा व राज्यसभा में इस बिल के पारित होने के दौरान विपक्ष ने भी इसका समर्थन किया था। इस बिल के तहत लोकसभा की 543 सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस बिल को लागू करने में जानबूझकर देरी की और इसे जनगणना व परिसीमन से जोड़ दिया। कुंजवाल के अनुसार, सरकार ने हाल ही में 16 अप्रैल 2026 को चुनावी परिस्थितियों को देखते हुए इस बिल को अधिसूचित किया है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के माध्यम से राज्यों की सीटों में बदलाव कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही थी, जिसे विपक्ष की एकजुटता ने रोक दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस पर गलत आरोप लगा रही है, जबकि कांग्रेस आज भी इस बिल को तुरंत लागू करने की पक्षधर है। उन्होंने देश की महिलाओं से अपील की कि वे तथ्यों को समझें और किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें।

Leave a Comment