अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के हवालबाग विकासखंड सभागार में बुधवार को प्रधान संगठन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम प्रधानों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। बैठक में विशेष रूप से मानदेय और भत्तों में वृद्धि, मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यों के भुगतान में देरी तथा विभागीय वेबसाइटों के सुचारू संचालन की मांग की गई।
प्रधानों ने राशन कार्ड से जुड़ी दिक्कतों, नए पंचायत भवनों के निर्माण और पुराने भवनों के सुधार की आवश्यकता पर भी चर्चा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम विकास अधिकारियों की साप्ताहिक उपस्थिति न्याय पंचायत स्तर पर सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
बैठक में मनरेगा के तहत उपकरण खरीद और फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराने, साथ ही वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विचार किया गया। केंद्रीय एवं राज्य वित्त की कंटिंजेंसी मद से सामान्य खर्चों के भुगतान का प्रावधान करने की भी मांग उठी।
बी.डी.सी. बैठकों में सभी जिलास्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और पंचायत चुनाव में भागीदारी करने वाले प्रतिनिधियों की जमानत राशि वापसी का मुद्दा भी चर्चा में रहा।
ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू और प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन महामंत्री विनोद जोशी ने किया, जिसमें कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
