Udayprabhat
uttrakhandराज्य

नंदप्रयाग-घाट सड़क आंदोलनकारियों के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल

  • उत्तराखंड क्रांति दल ने दिया घाट के आंदोलन को समर्थन
  • नंदप्रयाग-घाट सड़क डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर चल रहा है आंदोलन
  • अभूतपूर्व है घाट के लोगों का आंदोलन: मोहित डिमरी, यूकेडी नेता

रुद्रप्रयाग। नंदप्रयाग-घाट 19 किमी मोटरमार्ग को डेढ़ लेन चौड़ीकरण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को उत्तराखंड क्रांति दल ने अपना समर्थन दिया है। दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने घाट पहुँचकर आंदोलनकारियों को समर्थन देते हुए कहा कि सरकार को जल्द डेढ़ लेन सड़क चौड़ीकरण का शासनादेश जारी करना चाहिए।

नंदप्रयाग-घाट 19 किमोमीटर मोटरमार्ग को डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को दो माह होने को है। आंदोलन के तहत 20 दिनों से भूख हड़ताल भी जारी है।70 गांवों के 50 हजार से भी अधिक ग्रामीण इस आंदोलन में भाग ले रहे हैं। आंदोलन को समर्थन देने पहुँचे उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने कहा कि ग्रामीणों की एक साधारण सी मांग है। ग्रामीण चाहते हैं कि नंदप्रयाग से घाट तक डेढ़ लेन सड़क चौड़ी की जाए। इस सड़क के चौड़ीकरण की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत भी कर चुके हैं। थक-हारकर ग्रामीण आंदोलन के लिये मजबूर हो गए हैं।

यूकेडी नेता मोहित डिमरी ने कहा कि राज्य निर्माण के पीछे मूल अवधारणा पहाड़ों के विकास की थी। यहां बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार, पेयजल और रोज़गार की थी। लेकिन राज्य बनने के बीस वर्ष बाद भी हालात जस के तस हैं। उन्होंने कहा कि घाट के लोगों का यह आंदोलन अभूतपूर्व है और पूरे प्रदेश के लिए नज़ीर बनने जा रहा है। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के जिला महामंत्री भगत चौहान ने कहा कि घाट मोटरमार्ग संकरा होने से कई दुर्घटनाएं हो गई है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से दुर्घटनाओं का खतरा नहीं रहेगा, साथ ही पर्यटन भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान सिर्फ शहरों पर है। गांवों के विकास को लेकर सरकार उदासीन बनी है। उन्होंने कहा कि घाट के लोगों का आंदोलन जरूर रंग लाएगा।

 

http://udayprabhat.co.in/bjp-leader-all-set-to-leave-party-will-join-hands-with-aap/

Leave a Comment