देहरादून: राजधानी में साइबर ठगों ने एक बार फिर अपनी करतूत से बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। 81 साल की महिला के बैंक खाते से दो दिन के भीतर चार किश्तों में करीब दो लाख रुपये उड़ा लिए गए। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला नेशविला रोड का है, जहां निवासी 81 वर्षीय पेन्जी प्रोमिला शार्प ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके केनरा बैंक खाते से 30 और 31 अगस्त को कुल 1.99 लाख रुपये अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निकाल लिए गए। ठगों ने रकम को चार अलग-अलग किस्तों में ट्रांसफर किया।
महिला को इस ठगी का पता तब चला जब 31 अगस्त को उन्हें बैंक से ट्रांजैक्शन का मैसेज मिला। खाते से लगातार रकम निकलते देख वह घबरा गईं और तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई।
शहर कोतवाली इंस्पेक्टर प्रदीप पंत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर टीम ट्रांजैक्शन के डिटेल्स खंगाल रही है और रकम कहां ट्रांसफर हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
देहरादून में बढ़ रहे साइबर क्राइम के मामले
देहरादून में पिछले कुछ महीनों से साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़े हैं। ठग फोन कॉल, मैसेज और फर्जी लिंक भेजकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। खासतौर पर बुजुर्ग और तकनीक से कम परिचित लोग इनके शिकार बन रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज के झांसे में न आएं। बैंक या वित्तीय संस्थाएं कभी भी ओटीपी या पासवर्ड नहीं मांगतीं। अगर कोई संदिग्ध कॉल या लिंक मिले तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
