लैंसडाउन: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी लैंसडाउन पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी कर्मभूमि को नमन किया। उन्होंने लैंसडाउन की पावन धरा की मिट्टी माथे पर लगाकर मातृभूमि और कर्मभूमि के प्रति आभार प्रकट किया।
गौरतलब है कि 13 नवम्बर 1976 को गणेश जोशी ने यहीं से भारतीय सेना में एक राइफलमैन के रूप में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लिया था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यह स्थान उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है और सेना में बिताए क्षण उनके लिए गर्व का विषय हैं। लैंसडाउन पहुंचने पर गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेनि) अमृतलाल, पौड़ी के मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित सैन्य अधिकारियों व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंत्री ने इस दौरान गढ़वाल राइफल्स के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों का योगदान सदैव देश को ऊंचाइयों तक पहुंचाता रहेगा।
