गुणवत्तापूर्ण शोध को विश्वविद्यालय ने बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेकर मेरिट के आधार पर होगा चयन.
देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सोमवार, 8 सितम्बर 2025 को पीएचडी प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा का आयोजन 34 विषयों में किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल 140 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में गंभीर शैक्षणिक वातावरण देखने को मिला।
विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध किसी भी विश्वविद्यालय की असली पहचान होती है। हमारी प्राथमिकता है कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में होने वाले शोध कार्य न केवल अकादमिक स्तर पर बल्कि समाज और राष्ट्रहित में भी उपयोगी सिद्ध हों। हमारा उद्देश्य है कि यह विश्वविद्यालय अपने शोध की गुणवत्ता से देश और विदेश दोनों में ख्याति प्राप्त करे।
कुलपति प्रो. (डाॅ.) कुमुद सकलानी ने कहा कि उच्चस्तरीय शोध को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यहाँ ऐसे शोध कार्य हों जो उत्तराखंड, देश और वैश्विक समाज के लिए उपयोगी साबित हों, यही विश्वविद्यालय का ध्येय है। रिसर्च डीन डॉ. अशोक सिंह भंडारी ने बताया कि इस बार 140 प्रतिभागियों ने लिखित परीक्षा दी। परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा और फिर मेरिट लिस्ट के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
परीक्षा संचालन में परीक्षा केन्द्र अधीक्षक डॉ. सोनिया गम्भीर, उप केन्द्र अधीक्षक डॉ. प्रदीप सेमवाल, डॉ. मोनिका बंगारी, डॉ. नवीन गौरव, डॉ. रेखा ध्यानी सहित प्रशासनिक टीम का विशेष योगदान रहा।
