Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

11 जुलाई से देहरादून में सजेगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन

15 जुलाई तक परेड ग्राउंड में चलेगा पांच दिवसीय महोत्सव, 150 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर की कला, शिल्प और पाक विरासत

देहरादून: भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 15 जुलाई, 2026 तक परेड ग्राउंड, देहरादून में छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का उद्घाटन 11 जुलाई को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

उत्तराखंड पीएम विकास योजना के अंतर्गत इस आयोजन के लिए अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बना है। महोत्सव में लगभग 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 40 प्रतिशत उत्तराखंड की पारंपरिक कला एवं शिल्प को समर्पित होंगे। साथ ही 20 फूड स्टॉलों पर गढ़वाली, कुमाऊँनी, राजस्थानी, लखनवी और अन्य राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।

आगंतुकों के लिए लाइव शिल्प प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्याओं में तलत अज़ीज़, ज्योति नूरां, किशन महिपाल, पांडवाज़, परमिश वर्मा सहित कई प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे। महोत्सव प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।

Leave a Comment