नैनीताल: उत्तराखंड समेत आसपास के राज्यों के युवाओं के लिए बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। नैनीताल बैंक ने वर्ष 2025–26 के लिए कुल 185 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट nainitalbank.co.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के तहत क्लर्क/कस्टमर सपोर्ट एसोसिएट (CSA), प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) – स्केल-I तथा स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) – स्केल-II के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कुल 185 रिक्तियों में 71 पद क्लर्क/CSA, 87 पद PO (जनरलिस्ट व स्पेशलिस्ट) तथा 27 पद स्पेशलिस्ट ऑफिसर के लिए निर्धारित हैं। स्पेशलिस्ट कैटेगरी में IT, CA, लॉ, रिस्क और सिक्योरिटी ऑफिसर जैसे पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो क्लर्क/CSA पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या परास्नातक डिग्री आवश्यक है, जबकि PO और SO पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में प्रोफेशनल योग्यता मांगी गई है। आयु सीमा पदानुसार निर्धारित की गई है, जिसमें आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा (संभावित तिथि 18 जनवरी 2026), दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण तथा आवश्यक होने पर इंटरव्यू शामिल होगा। चयनित अभ्यर्थियों को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में स्थित नैनीताल बैंक की 176 शाखाओं में तैनाती दी जा सकती है।
वेतनमान की बात करें तो क्लर्क/CSA को ₹24,050 से ₹64,480, PO को ₹48,480 से ₹85,920 तथा SO को ₹64,820 से ₹93,960 तक वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त महंगाई भत्ता, HRA, मेडिकल सुविधा, ट्रैवल अलाउंस, पेंशन सहित अन्य बैंकिंग लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
बैंकिंग सेक्टर में स्थायी नौकरी और बेहतर भविष्य की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि 1 जनवरी 2026 के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
