देहरादून: जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में बुधवार, 17 दिसंबर को विकासखंड चकराता के ग्राम क्वासी स्थित इंटर कॉलेज प्रांगण में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित होगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आयुष्मान कार्ड, श्रमिक कार्ड, पेंशन, प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं सहित अनेक सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, औषधि वितरण, नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आय, जाति, निवास, चरित्र प्रमाण पत्र, पेंशन मामलों, छात्रवृत्ति, मनरेगा, पीएम आवास, खाद्य सुरक्षा, कृषि, उद्यान, सहकारिता, बिजली, पेयजल, बैंकिंग और पर्यटन से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पूर्ण तैयारी के साथ शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं और क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
