ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने अवस्थापना विकास निधि योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में 21 सड़कों के सुधारीकरण और और वार्ड 25 में सामुदायिक भवन के विस्तारीकरण का शिलान्यास किया। जिनकी अनुमानित लागत 18 करोड़ 72 लाख रुपये हैं।
शुक्रवार को नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल ने कहा कि शहरी विकास विभाग से 14.37 करोड़ की लागत से विभिन्न वार्डों से सड़कें, ओपन जिम व सौंदर्यीकरण किया गया। इसी तरह सीवर विभाग से 143 करोड़ की लागत से 65 किमी सीवर लाइन बिछाई गई हैं। जल निगम से 67.28 करोड़ से 112 किम पाइपलाइन, 05 पानी की टंकी और 10 ट्यूबवैल का निर्माण किया गया।
अग्रवाल ने बताया कि एमडीडीए द्वारा दो करोड़ से तिलक मार्ग से कोयलघाटी तक डिवाइडर और स्ट्रीट लाइटें, 48 लाख से 16 पार्कों का जीर्णोद्धार, 60 लाख से सड़के बनाई गई। लोक निर्माण विभाग से 8.92 करोड़ से 2022 से वर्तमान तक 41 किमी की विभिन्न सड़कें बनाई गई हैं। इसी तरह पॉवर कोरपोरेशन से 30 करोड़ से 05 ट्रांसफार्मर बदले गए। 60 किमी 11 केवी की लाइन कवर्ड की गई। 65 किमी एलटी लाइन की बंचिंग केबिल बिछाई गई। 435 जीर्णशीर्ण विद्युत पोल बदले गए।
उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग से 05 करोड़ से बैराज विस्थापित मीराबेन घाट, शारदा पीठ घाट में बाढ़ सुरक्षा कार्य व तटबंध कार्य किए गए। बताया कि उनके अथक प्रसासों से वन निगम के द्वारा 1.10 करोड़ की लागत से संजय झील का सौंदर्यीकरण किया गया। इसी तरह वर्ष 2022-23 में विभिन्न मदों के जरिए नगर निगम क्षेत्र में 1437.80 लाख की लागत से विभिन्न तरह से 151 कार्य किए गए।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अमन कुमार, आदि मौजूद रहे
