देहरादून: देहरादून में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। न्यू कैंट रोड पर एकत्रित होकर, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिलाएं मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए जब आगे बढ़ी, तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
गुस्साई महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। प्रदर्शन के दौरान, उन्होंने बैरिकेडिंग के पास भाजपा सरकार का पुतला भी जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार उन्हें सुरक्षा देने में असफल रही है। उन्होंने नैनीताल में नाबालिग के साथ हुई दुराचार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ज्योति रौतेला ने यह भी कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं को धर्म विशेष से जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने चेताया कि नौ हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड महिला उत्पीड़न की घटनाओं में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि सरकार इनपर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। इसी के खिलाफ आज महिला कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज किया।