देहरादून : उत्तराखंड कांग्रेस ने भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से प्रारंभ हुई और इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा नेतृत्व कर रहे थे। यात्रा में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने घंटाघर, पल्टन बाजार और डिस्पेंसरी रोड होकर यात्रा निकाली।
यह तिरंगा यात्रा हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में आयोजित की गई। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर निर्णायक कार्रवाई की है, जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ नापाक योजनाएं तैयार की हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए अपनी एकजुटता और आक्रोश का प्रदर्शन किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भारतीय सेना की साहसिक कार्रवाई ने देश के नागरिकों में उत्साह का वातावरण बनाया है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का भी जिक्र करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ उनकी पार्टी हमेशा सरकार के साथ खड़ी रहेगी।