Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में रणनीतिक सलाहकार समिति गठित

देहरादून: प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सात सदस्यीय रणनीतिक सलाहकार समिति का गठन किया है। यह कदम विदेशी परामर्शदाता कंपनी मैकिंजी के साथ हुए एमओयू की अवधि समाप्त होने के बाद उठाया गया है।

नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, समिति का उद्देश्य श्रम-प्रधान उत्पादन में वृद्धि, बचत और निवेश को प्रोत्साहन देना, घरेलू मांग को बढ़ाना और राज्य में विकास की रफ्तार को तेज करना है।

समिति में मुख्यमंत्री के अलावा मुख्य सचिव, नियोजन प्रमुख सचिव, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी इन्दु कुमार पाण्डेय और डॉ. राकेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता मनु गौड़ तथा सेतु आयोग के सीईओ को शामिल किया गया है। यह समिति प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सेवा क्षेत्र की नीतियों पर कार्य कर राज्य को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम करेगी।

मुख्यमंत्री की स्वीकृति से समिति में समय-समय पर तीन से अधिक अन्य सदस्यों को भी नामित किया जा सकेगा। विशेषज्ञ समिति की बैठकों में विभागीय सचिवों और विभागाध्यक्षों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।

Leave a Comment