चमोली/देहरादून : सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 8 जून रविवार को ज्योतिर्मठ में उत्तराखंड के पहले गढ़वाल क्षेत्रीय कम्युनिटी रेडियो स्टेशन ‘आईबेक्स तराना 88.4 एफएम’ का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान वे अपने परिवार संग बाबा केदारनाथ के दर्शन करने के बाद ज्योतिर्मठ पहुंचे।
जनरल द्विवेदी ने इस अवसर पर कहा कि यह रेडियो स्टेशन केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं की आवाज को मंच देने वाला एक सशक्त मंच है। यह स्टेशन न केवल क्षेत्रीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में मदद करेगा, बल्कि युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा।

उल्लेखनीय है कि यह बीते 20 दिनों में भारतीय सेना द्वारा उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाकों में शुरू किया गया दूसरा कम्युनिटी रेडियो स्टेशन है। इससे पहले 23 मई को पिथौरागढ़ जिले में ‘पंचशूल पल्स’ रेडियो स्टेशन का शुभारंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और सेना के बीच बेहतर संवाद और सद्भावना को बढ़ाना है।
आर्मी चीफ ने अपने दौरे के दौरान अग्रिम चौकियों का निरीक्षण भी किया और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में कार्यरत सेना और ITBP के जवानों से मुलाकात कर उनके जज्बे की सराहना की।

इस अवसर पर उन्होंने रिटायर्ड सैनिकों — सूबेदार विक्रम सिंह कंडारी, सूबेदार मेजर (मानद कैप्टन) सुरेंद्र सिंह कनवासी, सूबेदार मेजर (मानद कैप्टन) शशि कपूर और लांस नायक राजेश प्रसाद सेमवाल — को ‘वेटरन अचीवर्स अवार्ड’ से भी सम्मानित किया।
भारतीय सेना द्वारा अनाथ बच्चों को शिक्षा, सेना भर्ती कोचिंग, ग्रामीणों को कानूनी सहायता और होम स्टे जैसे प्रयासों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे राज्य में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा मिल रहा है।
