Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार गोलीकांड का पर्दाफाश, पंजाब से दो गैंगस्टर गिरफ्तार, विदेशी साजिश का हुवा खुलासा

हरिद्वार: 2 जून को हरिद्वार के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पुल के समीप होटल व्यवसायी पर हुई फायरिंग की गंभीर वारदात का सफल खुलासा हरिद्वार पुलिस द्वारा कर लिया गया है। इस हमले में संलिप्त दो मुख्य आरोपी मानव हंस व गौरव कुमार को पुलिस ने पंजाब के फगवाड़ा जनपद से गिरफ्तार किया है।

पीड़ित होटल व्यवसायी अरुण (उम्र 25 वर्ष), निवासी सांपला (रोहतक, हरियाणा) को अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दी थी। घायल अवस्था में उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पीड़ित के पिता की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 385/25, धारा 109(2) BNS के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे हेतु एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने सर्विलांस, मुखबिर तंत्र, और 1000 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण करते हुए हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में सघन छानबीन की। अंततः 11 जून को पुलिस ने फगवाड़ा (पंजाब) में दबिश देकर दो आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी नंदू उर्फ कपिल सागवान गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और घटना एक गैंगवार की पुरानी रंजिश का नतीजा थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस हमले की साजिश विदेश में बैठे गैंग लीडर नंदू उर्फ कपिल द्वारा रची गई थी, जिसकी प्रतिद्वंद्विता मंजित महल गैंग से लंबे समय से चली आ रही है।

घटनास्थल पर अपराधियों द्वारा पिस्टल, बाइक और ‘जंग्गी ऐप’ का प्रयोग कर पुलिस की निगरानी से बचने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस की सतर्कता व तकनीकी दक्षता के चलते विफल कर दिया गया।
घटना में शामिल हिमांशु सूद, बॉबी एवं शम्मी खान अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के प्रयास लगातार जारी हैं। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध पंजाब में भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Comment