Udayprabhat
uttrakhandक्राइम

फर्जी CBI-ED अफसर बनकर ठगे 1.3 करोड़ रूपये, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

देहरादून:उत्तराखण्ड STF की साइबर थाना कुमाऊँ टीम ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एक बड़ी ऑनलाइन ठगी का खुलासा किया है। अभियुक्त पिंकू वर्मा, निवासी सरगुजा (छत्तीसगढ़), पर आरोप है कि उसने खुद को फर्जी सीबीआई और ईडी अधिकारी बताकर एक सेवानिवृत्त फौजी को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हुए 1.3 करोड़ रुपये की ठगी की।

साइबर अपराधियों द्वारा पीड़ित को व्हाट्सऐप व स्काइप कॉल के जरिए डराया गया, फर्जी गिरफ्तारी वारंट और आदेश भेजे गए और मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। भयभीत पीड़ित ने अपनी जमा पूंजी अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को उच्च प्राथमिकता दी गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे साइबर थाना कुमाऊँ परिक्षेत्र, रुद्रपुर में तलब किया गया। पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी के खातों से कुछ ही महीनों में करोड़ों का लेनदेन हुआ है, और इन खातों से जुड़े देशभर के 12 साइबर अपराधों की भी शिकायतें सामने आई हैं। साइबर पुलिस अन्य राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या वीडियो कॉल से सावधान रहें। खुद को सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर डराने वालों से सतर्क रहें। किसी भी संदेहजनक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Leave a Comment