Udayprabhat
uttrakhand

तोताघाटी में चलती कार में स्टंट कर रहे राजस्थान के पांच युवक पुलिस के शिकंजे में, देवप्रयाग पुलिस की सख्त कार्रवाई

देवप्रयाग : ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोताघाटी के पास चलती कार में जानलेवा स्टंट करना राजस्थान के पांच युवकों को भारी पड़ गया। देवप्रयाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन युवकों को मौके पर पकड़ लिया और उनके खिलाफ खतरनाक ड्राइविंग व सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी धाराओं में कानूनी कार्रवाई की गई है।

शुक्रवार देर रात ये युवक कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक करतब कर रहे थे, जिससे सड़क पर अन्य यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ रही थी। पकड़े गए युवकों की पहचान नितिन, प्रकाश, हिमांशु, बजरंग और भजनलाल (सभी निवासी राजस्थान) के रूप में हुई है। ये सभी युवक चपता की ओर जा रहे थे।

थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और संबंधित वाहन को रोककर युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस घटना के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कृत्य न केवल स्टंटबाजों की जान के लिए खतरनाक हैं, बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में डालते हैं।

देवप्रयाग पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और रोमांच के चक्कर में अपनी व दूसरों की जान को जोखिम में न डालें।

Leave a Comment