हरिद्वार: हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मुलदासपुर उर्फ माजरा गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम कर रहे कई लोग झुलस गए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही बहादराबाद, मायापुर, सिडकुल सहित कई इलाकों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपचंद (38 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें भूमंडल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फैक्ट्री में आग लगने के कारण लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं और जांच जारी है।
