श्रीनगर (गढ़वाल): महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने शुक्रवार को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पौड़ी और रुद्रप्रयाग जनपद की नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्य ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल योजनाओं के क्रियान्वयन का जरिया नहीं हैं, बल्कि ये समाज सेवा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण जैसे संवेदनशील कार्यों के सशक्त केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री का पद रोजगार के साथ-साथ सेवा, समर्पण और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।
मंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 7052 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 722 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और 6330 सहायिकाएं शामिल हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है, जिससे उन्हें आत्मसम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता मिली है। उन्होंने कहा कि आज उच्च शिक्षित बेटियां विभाग से जुड़ रही हैं जो दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में भी सेवाएं दे रही हैं। रेखा आर्य ने सभी चयनित कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बधाई देते हुए अनुशासन, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में पौड़ी जिले की 66 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 631 सहायिकाओं को, जबकि रुद्रप्रयाग जिले की 15 कार्यकत्रियों और 188 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मंत्री ने आशा व्यक्त की कि इन नियुक्तियों से राज्य के हर गांव तक मातृ एवं बाल विकास योजनाएं प्रभावी रूप से पहुंचेंगी।
