Udayprabhat
uttrakhandदेहरादूनराजनीति

“मलिन बस्तियों पर कांग्रेस फैला रही है भ्रम, भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप

देहरादून: मलिन बस्तियों के मुद्दे पर सियासत गर्माती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस मलिन बस्तियों के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है और झूठ फैलाकर सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है।

कमलेश रमन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मलिन बस्तियों में जाकर मलिकाना हक की बात कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस की सरकार 2002 से 2007 और फिर 2012 से 2016 तक सत्ता में रही, लेकिन उस समय उन्होंने बस्तियों को नियमित नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ दिखावटी बस्ती समिति बनाई और चिन्हीकरण के नाम पर गुमराह किया। “सिर्फ 40 फर्जी पट्टे देकर कांग्रेस ने इतिश्री कर दी और लोगों के साथ छल किया,” उन्होंने आरोप लगाया।

कमलेश रमन ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्पष्ट कर दिया है कि मलिन बस्तियों को नहीं तोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, “सरकार ने बार-बार अध्यादेश लाकर यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी गरीब का घर नहीं टूटेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि एलिवेटेड रोड परियोजना के तहत जो परिवार प्रभावित होंगे (संख्या 2600 से अधिक), उन्हें या तो सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा या मुआवजा दिया जाएगा। सरकार सभी निवासियों की सुरक्षा और पुनर्वास की जिम्मेदारी ले रही है, चाहे वे 2016 से पहले बसे हों या बाद में।

कमलेश रमन ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि “विपक्ष के नेता भोले-भाले बस्तीवासियों को भ्रमित कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं।”

 

Leave a Comment