Udayprabhat
uttrakhand

हर की पैड़ी पर यात्रियों और दुकानदारों में झड़प, पुलिस ने ऑपरेशन ‘लगाम’ के तहत की कार्रवाई

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब यात्रियों और दुकानदारों के बीच मामूली कहासुनी ने अचानक तकरार का रूप ले लिया। विवाद बढ़ते ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। ऑपरेशन ‘लगाम’ के तहत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लिया और कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर अशांति फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है। प्रशासन ने सभी व्यापारियों और श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Comment