Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

कर्जा उतारने के लिए ज्वैलर्स की दुकान में की चोरी, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

मोथरोवाला ज्वैलर्स चोरी का खुलासा, पुलिस ने शत-प्रतिशत माल बरामद कर दो आरोपियों को दबोचा.

देहरादून:  नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का देहरादून पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों नितिन ढिंगियाल और निहाल राणा को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चोरी की गई संपूर्ण ज्वैलरी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून को मोथरोवाला निवासी बिलेट अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ज्वैलरी की दुकान में एक व्यक्ति ने गहने दिखाने के बहाने चार जोड़ी सोने के टॉप्स चुरा लिए और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी नितिन ने एक व्यक्ति से ₹60,000 का कर्ज लिया था और उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। वहीं दूसरा आरोपी निहाल बेरोजगार था।

कर्ज और बेरोजगारी से परेशान दोनों ने मिलकर किसी सुनसान स्थान पर स्थित ज्वैलरी शॉप को निशाना बनाने की योजना बनाई। योजना के अनुसार, निहाल दुकान के भीतर गया और नितिन बाहर बाइक लेकर निगरानी करता रहा। निहाल ने दुकानदार को अंगूठी दिखाने और फोटो भेजने के बहाने बातों में उलझाया और मौका देखकर गहने चोरी कर लिए।

चोरी के बाद दोनों आरोपी गहनों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी संजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों से बरामद ज्वैलरी को जब्त कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Leave a Comment