Udayprabhat
uttrakhand

केदारनाथ यात्रा पर बारिश का कहर, भूस्खलन से रास्ता बंद, फंसे लोगों का जंगलों के रास्ते रेस्क्यू जारी – KEDARNATH YATRA

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही तेज बारिश ने चारधाम यात्रा को प्रभावित किया है। केदारनाथ यात्रा पर इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। जिले में बीते तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पर भूस्खलन हुआ है और रास्ता कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ जाने वाले सभी यात्रियों को सोनप्रयाग में ही रोक दिया है। वहीं, केदारनाथ से लौट रहे यात्रियों के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य में लगाई गई हैं।

रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के अनुसार, गुरुवार 26 जून को सुबह 11 बजे तक कुल 1269 यात्रियों को सुरक्षित सोनप्रयाग पहुंचाया गया। इनमें 833 पुरुष और 436 महिलाएं शामिल हैं। यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद संयमित, संवेदनशील और समयबद्ध रूप से चलाया गया ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

इधर, मार्ग को शीघ्र बहाल करने के लिए लोनिवि (लोक निर्माण विभाग) और अन्य संबंधित विभागों की ओर से युद्धस्तर पर मलबा हटाने का काम जारी है। भारी मशीनों की मदद से रास्ता साफ कर यात्रियों की आवाजाही जल्द बहाल करने का प्रयास हो रहा है।

Leave a Comment