PNB ऐप डाउनलोड करने के दौरान रिटायर्ड कर्मचारी से 2.44 लाख की ठगी, टेलीग्राम पर टास्क रेटिंग के नाम पर युवक से 2.55 लाख हड़पे
हल्द्वानी: शहर में साइबर अपराधियों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और पढ़े-लिखे लोग भी इनके झांसे में आ रहे हैं। ताजा मामले में हल्द्वानी से दो साइबर ठगी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक रिटायर्ड बैंककर्मी और एक युवक को ठगों ने लाखों रुपये की चपत लगा दी।
पहली घटना मुखानी क्षेत्र की है, जहां पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी गंगाराम आर्या साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके बेटे विनीत भेटीवाल ने बताया कि उनके पिता 16 जून को नए मोबाइल में पीएनबी वन ऐप डाउनलोड कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर खुद को बैंक प्रतिनिधि बताया और व्हाट्सएप पर जानकारी साझा करने को कहा। ठग ने विश्वास में लेकर उनसे ओटीपी भी हासिल कर लिया। बाद में जब मोबाइल चेक किया गया तो उनके तीनों खातों से कुल 2.44 लाख रुपये गायब थे। मुखानी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले को साइबर क्राइम थाने को स्थानांतरित कर दिया है।
दूसरी घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र की है, जहां टेलीग्राम ऐप के जरिये टास्क रेटिंग के नाम पर ललित कुमार आर्या से 2.55 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित ने बताया कि सितंबर में उन्हें टेलीग्राम पर टास्क रेटिंग के एवज में अधिक पैसे कमाने का लालच दिया गया। उन्हें अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया, लेकिन जब पैसे वापस नहीं मिले और और अधिक पैसे जमा करने की मांग की गई, तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। 24 घंटे के भीतर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक पैसे वापस नहीं मिल पाए हैं। काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दोनों घटनाएं साफ तौर पर दर्शाती हैं कि साइबर ठग कैसे अलग-अलग तरीकों से आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। लोगों को जागरूक रहने और किसी भी अनजान कॉल या लिंक से सतर्क रहने की सख्त जरूरत है।
