Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उपनल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

पारदर्शी और समयबद्ध सेवाओं पर दिया जोर.

देहरादून: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के मुख्य कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, फाइल प्रबंधन प्रणाली, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा सेवा प्रदाय प्रणाली का गहन अवलोकन किया।

मंत्री जोशी ने उपनल द्वारा पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक, समयबद्ध और पारदर्शी सेवा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि उपनल का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को रोजगार से जोड़ना है, और इसे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ क्रियान्वित किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कुछ महत्त्वपूर्ण अभिलेखों और फाइलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक प्रक्रियात्मक देरी से बचने तथा व्यवस्था को सरल, सुगम और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि उपनल की भूमिका पूर्व सैनिकों के पुनर्वास में अत्यंत महत्त्वपूर्ण है और इसे संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए। निरीक्षण के अंत में मंत्री जोशी ने उपनल कार्यालय परिसर में स्थित हैंडलूम स्टोर का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने वीर नारियों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।

Leave a Comment