ऋषिकेश: गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में मध्यप्रदेश से ऋषिकेश आई मां-बेटी गंगा की तेज धारा में बहकर लापता हो गईं। घटना बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे ब्रह्मपुरी स्थित राम तपस्थली आश्रम के घाट पर हुई, जहां मां मनू उपाध्याय (पत्नी मनीष उपाध्याय) और उनकी 18 वर्षीय बेटी गौरी उपाध्याय गंगा में स्नान कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी राम तपस्थली आश्रम में आयोजित राम कथा में भाग लेने के लिए कैलाश रस मोरियाना, मध्यप्रदेश से ऋषिकेश पहुंची थीं। स्नान के दौरान अचानक गंगा की तेज लहरों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, और दोनों देखते ही देखते बहाव में बह गईं।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बहाव अधिक होने के कारण हरिद्वार जल पुलिस, SDRF और बैराज स्टाफ को भी सतर्क किया गया है। सर्च अभियान अब तक जारी है, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
प्रशासन ने गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और चिन्हित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की है, विशेषकर उन स्थानों पर जहां जल प्रवाह तीव्र होता है।
