हरिद्वार: उत्तराखंड में कांवड़ मेले की शुरुआत होते ही कांवड़ यात्रियों की भीड़ के साथ कुछ जगहों पर अव्यवस्था की खबरें भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला हरिद्वार के सिंहद्वार क्षेत्र का है, जहां कुछ कांवड़िए तय मार्ग—नहर पटरी—को छोड़कर हाईवे से गुजरने की जिद पर अड़ गए। पुलिस द्वारा रोके जाने पर स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण हो गई और कांवड़ियों व पुलिस के बीच नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़िए नियमों की अनदेखी करते हुए नहर पटरी से जाने को तैयार नहीं थे। वे हाईवे पर चलकर आगे बढ़ना चाहते थे, जिससे यातायात बाधित हो सकता था और अन्य लोगों को भी परेशानी हो सकती थी। पुलिस द्वारा उन्हें रोके जाने पर तीखी बहस हुई। हालांकि स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस ने संयम और सूझबूझ के साथ उन्हें समझाया, जिसके बाद कांवड़िए नहर पटरी से ही आगे रवाना हो गए।
एसपी क्राइम जितेंद्र ने जानकारी देते हुए कहा, “कांवड़ पटरी को इसलिए बनाया गया है ताकि कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सरल और व्यवस्थित मार्ग मिल सके। कुछ कांवड़िए हाईवे से जाने की जिद कर रहे थे, जिससे थोड़ी बहस जरूर हुई, लेकिन किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती या लाठीचार्ज जैसी कोई घटना नहीं हुई।”
वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ कांवड़ियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज के आरोप लगाए हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी क्राइम ने स्पष्ट किया वीडियो में लगाए गए आरोप निराधार हैं। पुलिस ने सभी को शांतिपूर्ण ढंग से समझाया और कोई बल प्रयोग नहीं किया गया। स्थिति अब सामान्य है और कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय बना हुआ है।
