पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ जिले के नाचनी डाकघर में तैनात डाक निरीक्षक शशांक सिंह राठौर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह रिश्वत बागेश्वर जिले के खेती गांव निवासी दुकानदार सुरेश चंद से उनके PMEGP लोन की सब्सिडी पास कराने के एवज में मांगी गई थी।
PMEGP लोन में मांगी गई रिश्वत:
पीड़ित सुरेश चंद ने वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत ₹6 लाख का लोन लिया था। योजना के अनुसार उन्हें ₹2.10 लाख की सब्सिडी मिलनी थी। इस सब्सिडी के सत्यापन हेतु डाक निरीक्षक शशांक सिंह राठौर ने ₹21,000 की रिश्वत की मांग की थी, लेकिन बाद में ₹15,000 में सौदा तय हुआ।
CBI ने ट्रैप लगाकर किया गिरफ्तार:
बुधवार को सुरेश चंद ने तय रकम के अनुसार रिश्वत दी, जिस दौरान CBI की ट्रैप टीम ने डाक निरीक्षक राठौर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में डाकघर के पोस्ट मास्टर और डाकिया की कोई संलिप्तता नहीं पाई गई है।
अदालत में पेशी आज:
आरोपी शशांक सिंह राठौर को गुरुवार को स्पेशल CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच CBI द्वारा की जा रही है।
