विकासनगर: उत्तराखंड में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले एसटीएफ ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 233 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने जानकारी दी कि टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से अवैध शराब उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी के जरिए पहुंचाई जा रही है, जिसे पंचायत चुनावों में खपाने की साजिश थी।
इस इनपुट के आधार पर एसटीएफ ने विकासनगर थाना पुलिस के साथ मिलकर शनिवार सुबह कुल्हाल बैरियर पर एक हरियाणा नंबर की पिकअप (HR 61E 0364) को चेक किया। जांच में पिकअप से 202 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसके बाद रोहतास (निवासी मंडाना, जिला भिवानी, हरियाणा) और आनंद (निवासी बड़गांव, करनाल, हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह शराब विजयपाल (निवासी धर्मावाला, थाना सहसपुर) के लिए लाई जा रही थी, जिसने अपने घर पर अवैध शराब का गोदाम बना रखा है। एसटीएफ ने सहसपुर पुलिस के सहयोग से विजयपाल के घर पर छापा मारा, जहां से 31 पेटी शराब और बरामद की गई।
इस प्रकार, दोनों स्थानों से कुल 233 पेटी शराब जब्त की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
