Udayprabhat
accidentuttrakhand

दिल्ली से मसूरी घूमने आया युवक फिसलने से खाई में गिरा, दो घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बचाई गई जान- MUSSOORIE YOUTH RESCUE

मसूरी: मसूरी घूमने आए चार दोस्तों की ट्रिप उस वक्त तनाव में बदल गई, जब ताजगी के लिए रुके एक युवक का पैर फिसल गया और वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। यह हादसा सोमवार अलसुबह करीब 3 बजे मसूरी रोड पर गलोगी के पास हुआ। युवक खाई में गिरते ही उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम ने दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मसूरी पुलिस के अनुसार, 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कोलू खेत से लगभग 2 किलोमीटर ऊपर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक बुद्धि प्रकाश, पुलिस टीम और फायर विभाग के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रात के अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए युवक को खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल पहुंचाया।

युवक की पहचान मनीष सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद का रहने वाला है। उसके साथ उसका भाई हिमांशु राजपूत और दो दोस्त राहुल राणा व सौरभ राणा भी थे। सभी दोस्त दिल्ली से मसूरी अपनी निजी कार (UP-13CC-1252) से घूमने निकले थे। हिमांशु राजपूत ने बताया कि गलोगी के पास कार रोकी गई थी और मनीष सिंह नेचुरल कॉल के लिए नीचे उतरा। सड़क किनारे जाते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर नीचे जा गिरा।

चिकित्सकों के अनुसार मनीष को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर है और समय पर रेस्क्यू किए जाने से जान बच गई।

मसूरी मार्ग पर पहाड़ी ढलान और अंधेरा दुर्घटनाओं को बढ़ाते हैं। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी दी जाती है कि ऐसे क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक यात्रा करें, विशेष रूप से रात के समय। यह घटना एक बार फिर इस चेतावनी की गंभीरता को रेखांकित करती है।

Leave a Comment